बुंदेलों का कर्ज बना लाइलाज मर्ज……।
कर्ज का बोझ और फांकाकशी जिंदगी की जद्दोजहद पर भारी पड़े और ऋषिपाल हार गया जंग जिंदगी की। मर कर वो तो फारिग हो गया लेकिन अपने पीछे छोड़ गया चार मासूमों और एक मजबूर को जो आज भी बिना किसी सहारे के जीने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।यह कहानी केवल एक ऋषिपाल और उसके परिवार की नहीं है। यह कहानी है महुआ ब्लाक के बड़ोखर बुजुर्ग के मजरा भटपुरा की सात सौ कपड़िया आदिवासी परिवारों की। जहां जिंदगी तो मानो बस रेंगती है। उनके लिए न ही विकास के कोई मायने हैं और न ही सरकारी योजनाओं के। यहां आज भी एक परिवार की प्रतिदिन की औसत आय महज 30 से 35 रुपये है। यहां के आदिवासी परिवारों के पास रोजगार का महज एक साधन खजूर के झाड़े बनाना रह गया है। भोर होते ही इन आदिवासियों के जत्थे आसपास के क्षेत्रों में खजूर काटने के लिए निकल जाते हैं। लौटने के बाद तीन दिनों की मेहनत के बाद तैयार होते हैं झाड़ू। जिसमें से एक झाडू की कीमत होती है महज एक रुपये। इस तरह तीन दिन में ज्यादा से ज्यादा सौ झाडू ही बन पाते हैं। इस मजबूरी में यह अपना परिवार चलाते हैं। इससे बड़ी त्रासदी क्या होगी कि इस पूरे मजरे में केवल एक ही जॉबकार्ड बना है। उसके भी दोमंजिला मकान है। जो इसकी टूटी झोपड़ी और मवेशियों से बदतर घरों का माखौल उड़ाती है। गरीब और तंगहाली के चलते ये परिवार फांकाकशी को मजबूर होते हैं। मासूम बच्चों को भूख न सोना पड़े इसके लिए कर्ज लेते हैं और कर्ज न चुका पाने के डर से मौत को गले लगा लेते हैं। कुछ ऐसा ही 35 वर्षीय ऋषिपाल ने किया था। उसके ऊपर 60 हजार का कर्ज था लेकिन जब कर्ज चुका पाने के कहीं से संभावना नहीं दिखी तब मजबूरी में गत 28 फरवरी को जब देश होली के रंगों में मशगूल है तब उसने झोपड़ी के बाहर लगे एक पेड़ से फांसी लगा अपनी जिंदगी खत्म कर ली लेकिन अपने परिवार की जिंदगी बेरंग बना गया। उसके कर्ज का बोझ अब भी उसकी मजबूर पत्नी गिल्ला ढो रही है। साथ ही जिला रही है अपने दो मासूम बेटों व दो बेटियों को। ऋषिपाल की आत्महत्या की खबर प्रशासन तक पहुंचती उसके पहले ही प्रधान ने उसका पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करा दिया। गिल्ला के पास कोई जमीन तो है नहीं। साथ ही उसके पास एक अदद बीपीएल कार्ड तक नहीं है जिससे कम से कम वह अपने बच्चों के लिए अनाज का जुगाड़ कर पाती। जिलाधिकारी से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक सब की डयोढ़ी में गिल्ला ने दस्तक दी लेकिन अभी तक किसी ने उसकी सुधि नहंी ली। प्रवास संस्था के निदेशक आशीष सागर बताते हैं कि इस मजरे की हर एक गिल्ला की कहानी ऐसी ही है। यहां सैकड़ों बच्चे कुपोषण के शिकार हैं तो महिलायें व पुरुष विभिन्न रोगों की। एएनएम के विरुद्ध शिकायत की गयी लेकिन कोई सुनवायी नहीं। पूरे मजरे में बदहाली का ऐसा आलम है मानो यहां इंसान बसते ही न हो।
x


Comments
Post a Comment